बूंदी रोड पर अग्रवाल रिसोर्ट के पास हुआ हादसा; ड्राइवर और बच्चा समय रहते कार से बाहर निकले, दमकल की दो गाड़ियों ने आग पर पाया काबू।
कोटा में सड़क पर दौड़ती एक कार अचानक आग का गोला बन गई! देखते ही देखते कार से धुएं का गुबार उठने लगा और आग की लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि ड्राइवर ने समय रहते सूझबूझ दिखाई और एक बड़ा हादसा टल गया। मामला कोटा शहर के बूंदी रोड का है, जहां शुक्रवार शाम करीब 6 बजे अग्रवाल रिसोर्ट के पास यह घटना हुई।जानकारी के मुताबिक, कार ड्राइवर प्रहलाद लोधा अपने बच्चे को कोचिंग छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें कार के अंदर कुछ जलने की बदबू महसूस हुई। खतरे को भांपते हुए उन्होंने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोक दी और अपने बच्चे के साथ कार से बाहर निकल आए। लेकिन इसके कुछ ही देर बाद कार के बोनट से तेजी से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। कुछ ही मिनटों में कार जलकर कबाड़ में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में आग लगने की वजह इंजन या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट अथवा स्पार्किंग हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि होना बाकी है।