राजस्थान दिवस कार्यक्रम के तहत विशेष आयोजन में कई बड़ी घोषणाएं, सीएम भजनलाल शर्मा ने पत्रकार हेल्थ कवरेज योजना और चिकित्सा ऐप सहित दिए कई तोहफे
प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई उपलब्धियां और साधा विपक्ष पर निशाना, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध करवाने का लिया संकल्प
भीलवाड़ा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शुक्रवार को भीलवाड़ा पहुंचे थे, जहां राजस्थान दिवस कार्यक्रम के तहत विशेष आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में उन्होंने विकास और सुशासन उत्सव को संबोधित किया। सीएम भजनलाल शर्मा ने जहां सरकार की सफलताओं के बारे में लोगों को अवगत कराया। वहीं आम लोगों के लिए कई सौगातें भी दी। उन्होंने 10 हजार करोड़ के विकाय कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। जबकि योजनाओं का भी ऐलान किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अब से हर साल चैत्र शुक्ल प्रतिपदा पर ही राजस्थान दिवस मनाने का निर्णय किया है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण योजनाओं के दिशा-निर्देश जारी करने के साथ ही 10 हजार करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने नगरीय विकास विभाग से संबंधित डेलीगेशन के आदेश, फायर एनओसी प्राप्त करने की प्रक्रिया के सरलीकरण, नए जिलों में डीएमएफटी के गठन, हरित अरावली विकास परियोजना, अन्नपूर्णा भण्डार, रजिस्ट्रार कार्यालय सप्ताह में 2 दिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुलने के दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर सभी जिलों की पंचगौरव पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। इससे स्थानीय क्षमताओं और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
अब मरीज को मिल सकेगा घर बैठे अपॉइंटमेंट
शर्मा ने कहा कि पत्रकार हमारे लोकतंत्र के प्रहरी और चौथा स्तंभ हैं। विकसित राजस्थान के सपने को साकार करने में उनकी भूमिका अहम है। उनके श्रम और समर्पण को सम्मान देते हुए हमारी सरकार ने पत्रकार हेल्थ कवरेज (आरजेएचएस) योजना का शुभारंभ किया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए चिकित्सा ऐप लॉन्च किया गया है। इससे मरीज घर बैठे मोबाइल से अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय शहरी विकास योजना के आज जारी हुए दिशा-निर्देश शहरों को और अधिक समृद्ध और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री शर्मा ने बताया पिछली सरकार को भ्रष्टाचार का पर्याय
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के शासन में महिला उत्पीडऩ, पेपर लीक की घटनाएं, बिजली की किल्लत, जल जीवन मिशन में घोटाले, ईआरसीपी के नाम पर राजनीति एवं आर्थिक कुप्रबंधन जैसे मामलों से प्रदेश अराजकता और अव्यवस्था की गिरफ्त में रहा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम वर्ष में केवल जनता को दिखाने के लिए इन्वेस्टमेंट समिट किया था। जबकि हमारी सरकार ने अपने कार्यकाल के पहले ही साल में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया। साथ ही, इस समिट में हुए एमओयू को भी धरातल पर उतारा जा रहा है। शर्मा ने कहा कि राजस्थान विकास की पटरी पर तेजी से दौड़ रहा है। हमारी सरकार किसान, युवा, मजदूर, महिला के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता से काम कर रही है।
किसानों को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली देने का लक्ष्य
शर्मा ने कहा कि हमने किसानों को वर्ष 2027 तक दिन में बिजली देने का लक्ष्य रखा है, साथ ही उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न नीतियां जारी की हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जल जीवन मिशन में 12 लाख ग्रामीण परिवारों को नल से जल, पेपर लीक प्रकरणों में गिरफ्तारी, राइजिंग राजस्थान समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू, राम जल सेतु लिंक परियोजना तथा यमुना जल समझौते जैसे जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूरा किया जा रहा है। समारोह में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आईएएस और आईपीएस अधिकारियों को भी सम्मानित किया गया।