लोकसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच हुए कई बड़े खुलासे.. ये चुनाव भी हुआ हिंदू ङ्क/स् मुसलमान..भाजपा-कांग्रेस में छिड़ा जोरदार घमासान!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा-कांग्रेस वाले मुसलमानों को रातों-रात ओबीसी बनाते हैं; जब तक मैं जिंदा हूं, धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण नहीं दूंगा

इधर-कांग्रेस अध्यक्ष ने जनसंख्या वृद्धि के मामले में कहा-क्या अधिक बच्चे सिर्फ मुसलमानों के होते हैं? मेरे भी पांच बच्चे हैं...अब क्या करोगें

नई दिल्ली। इस बार भी पूरा चुनाव एक बार फिर हिंदू वर्सेज मुसलमानहोता नजर आ रहा है। यह हम नहीं कह रहे बल्कि पीएम मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयानों से कुछ ऐसा ही महसूस हो रहा है। दरअसल, तेलंगाना के संगारेड्डी में मंगलवार को पीएम मोदी ने कहा- कांग्रेस वाले मुसलमानों को रातोंरात ओबीसी बना देते हैं। हमारे तेलंगाना में जो लिंगायत, मराठा समाज के लोग हैं, उसमें 26 जातियां ऐसी हैं जो ओबीसी में जाने की मांग कर रही हैं। लंबे समय से इसपर चर्चा चल रही है। कांग्रेस वालों को मराठा, लिंगायत, इन 26 जातियों को ओबीसी बनाना मंजूर नहीं है। पीएम मोदी ने कहा- जो विरोधी भाजपा सरकार का मुकाबला नहीं कर पा रहे, वे सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो चलाकर तकनीक का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। अब उनकी हालत ऐसी है कि जब उनका झूठ काम नहीं कर रहा तो वे मेरे चेहरे का इस्तेमाल कर रहे हैं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अपनी मोहब्बत की दुकान में फेक वीडियो बेच रहे हैं। झूठ की यह दुकान बंद होनी चाहिए। मोदी ने कहा- हमारी सरकार दुनियाभर में बाजरा को लोकप्रिय बनाने पर जोर दे रही है। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि बाजरा दुनियाभर में खाने की मेज तक पहुंचे। अमेरिकी राष्ट्र्रपति जो बाइडेन ने मेरे लिए राजकीय रात्रिभोज दिया था, उसके मेन्यू में बाजरा था। मोदी ने माढा में कहा- कांग्रेस का पंजा जनता का पैसा लूटता था। जिसके पास 400 सांसद थे, अब वो 250 लोगों को चुनाव भी नहीं लड़वा पा रही है। आपको कांग्रेस के एक्सरे से सावधान रहना है। कांग्रेस के शहजादे गली-गली घूमकर कह रहे हैं कि उनको मौका मिलेगा तो वो आपका एक्सरे निकालेंगे। आपके घर में पड़े सोने और संपत्ति का ये हिसाब लगाएंगे। इसके बाद इसे बांट देंगे। कांग्रेस वाले विरासत टैक्स की भी बात कर रहे हैं। कांग्रेस कहती है कि जो आप बचत करते हैं उस पर सरकार का भी हक होगा। ये माक्र्सवादियों और नक्सलवादियों की विचारधारा है।


राममंदिर पर पीएम मोदी ने मांगे वोट, बोले-कांग्रेस वोटबैंक के फेर में अटकी रही

पीएम ने कहा कि आज अयोध्या में 500 साल के बाद भव्य राम मंदिर बना है। राम मंदिर बनने से हर कोई खुश है। अंग्रेजों के जाने के बाद पहले ही दिन राम मंदिर का काम शुरू होना चाहिए। कांग्रेस की वोटबैंक की राजनीति के कारण ये लटका रहा। उन्होंने आपकी आस्था की चिंता नहीं की। कांग्रेस के पास मौका था, लेकिन उन्होंने सिर्फ रुकावटें पैदा कीं। कांग्रेस वाले कहते थे कि राम मंदिर बनेगा तो आग लग जाएगी। कोई आग लगी क्या। आपके वोट के कारण 500 साल का इंतजार खत्म हुआ है। जब देश में मजबूत सरकार होती है। तो उसका ध्यान वर्तमान के साथ ही भविष्य की योजनाओं पर भी होता है। यही सोचकर आज भाजपा सरकार रेल-रोड एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व खर्च कर रही है।

पीएम ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा-उनके 10 साल से ज्यादा हमने 1 साल में दिया
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने 10 साल में जितना खर्च किया उतना आज हम 1 साल में खर्च कर रहे हैं। 80 करोड़ देशवासियों को उनकी थाली भरी हुई रहती है। उनका चूल्हा जलता रहता है। आज 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाना मिलता है। इसका पुण्य आपको मिलता है। मोदी ने कहा कि जिनके पास कभी 400 सांसद होते थे, वो पार्टी आज 250-300 लोगों को चुनाव भी नहीं लड़वा पा रही है। अगर सरकार बनानी हो तो 272 सीटें तो चाहिए। जो सरकार बनाने के लिए नहीं लड़ रहे हैं उनके लिए आप वोट बर्बाद मत कीजिए।

इधर, खरगे की खरी-खरी, कहा-क्या अधिक बच्चे सिर्फ मुसलमानों के होते हैं? मेरे पांच बच्चे हैं
एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि भाजपा गरीबों के कल्याण के लिए नहीं बल्कि उनके अधिकारों को छीनने के लिए चार सौ से अधिक सीट जीतना चाहती है। खरगे ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह महसूस करने के बाद निराश हो गए हैं कि इंडिया गठबंधन बहुमत की ओर बढ़ रहा है इसलिए वह मंगलसूत्र और हिंदू-मुसलमान के बारे में टिप्पणियों का सहारा ले रहे हैं। खरगे ने कहा कि वह कहते हैं कि हम आपकी संपत्ति चुरा लेंगे और उन लोगों को दे देंगे जिनके अधिक बच्चे हैं। क्या अधिक बच्चे केवल मुसलमानों के होते हैं, गरीब लोगों के भी अधिक बच्चे होते हैं। खरगे ने कहा, मेरे पांच बच्चे हैं। मैं इकलौता बेटा था, मेरी मां, बहन और चाचा की मृत्यु हो गई। एक बार मेरा घर जला दिया गया था, मैं इस पर नहीं जाऊंगा कि क्यों जलाया गया। मेरे परिवार में सभी लोग जल गए और मर गए। केवल मैं और मेरे पिता ही बचे थे। मेरे पिता ने मुझे बताया कि मैं उनका इकलौता बेटा हूं और वह मेरे बच्चों को देखना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने बताया, कि गरीब लोगों के पास संतानें होती हैं क्योंकि उनके पास धन नहीं होता, लेकिन मोदी केवल मुसलमानों के बारे में ही क्यों बात करते रहते हैं, मुसलमान अपनी जगह हैं और इसी देश के हैं।

 

दो पूर्व मुख्यमंत्रियों के बेटों में से सिर्फ एक के जीतने के संकेत.. अब सट्टा बाजार का ‘गणित 19-6 पर अटका’..लग सकता है ‘भाजपा के मिशन-25 को झटका’!