नेवी का जवान लोकेश कोच्चि में शहीद, ड्यूटी के दौरान तबियत खराब होने से हुआ था ब्रेन हेमरेज, सम्मान में कस्बें में निकाली तिरंगा यात्रा

दांतारामगढ़। इंडियन नेवी में तैनात सीकर का जवान लोकेश बुरड़क (22) ड्यूटी के दौरान तबियत खराब होने से शहीद हो गया। शनिवार को शहीद के पैतृक गांव शिवभजनपुरा दांतारामगढ़ में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैनिक सम्मान में  गांव में 10 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा पर ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल बरसाए। इस दौरान पूरा कस्बा भारत माता जय के जयकारों से गूंज उठा। बतां दे कि लोकेश बुरड़क 7 फरवरी 2020 को भारतीय नौसेना की आईएनएस द्रोणाचार्य यूनिट में भर्ती हुए थे। उनकी ड्यूटी कोच्चि (केरल) में थी। शुक्रवार सुबह अचानक जवान की तबियत खराब हो गई। जिसके बाद उसे सेना के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां जवान ने दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार जवान को ब्रेन हेमरेज हुआ था।शनिवार सुबह जवान की पार्थिव देह तिरंगे में लपेटकर पैतृक गांव शिवभजनपुरा लाई गई। पार्थिव देह देखते ही बड़ी बहन व माता-पिता पार्थिव देह से लिफ्ट कर रोने लगे। इसके बाद खेत में राजकीय सम्मान के साथ जवान का अंतिम संस्कार किया गया। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर शहीद को सलामी दी। जिसके बाद चचेरे भाई ने जवान को मुखाग्नि दी। शहीद जवान लोकेश बुरड़क अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन उर्मिला (26) पढ़ाई कर रही है। पापा परमाराम खेती करते हैं। सेना के उच्चाधिकारियों ने बड़ी बहन उर्मिला को तिरंगा भेंट किया और परिवार में एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की बात कही। जवान का आकस्मिक निधन हो जाने से पूरे गांव में शोक की लहर है। जवान की अंतिम विदाई में भाजपा नेता गजानंद कुमावत, पूर्व विधायक पेमाराम, प्रधान प्रतिनिधि प्रभु सिंह शेखावत, माकपा नेता इंदर सिंह, दांतारामगढ़ एसडीएम मोनिका सामौर, तहसीलदार महिपाल सिंह, पुलिस उपाधीक्षक कैलाश कंवर, थानाधिकारी दिलीप सिंह व सैंकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।