धौलपुर में चलते ट्रेन के जनरल कोच में लगी आग, सतर्कता से टला बड़ा हादसा

पॉइंट्स मैन की सूझबूझ से ट्रेन रोकी गई, 38 मिनट की मशक्कत के बाद ठीक कर रवाना


धौलपुर | बुधवार सुबह धौलपुर रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब दुर्ग से लुधियाना जा रही ट्रेन (नंबर 15549) के जनरल कोच में अचानक आग लग गई। आग ब्रेक पेडल में लगी थी, जिससे कोच से धुआं उठने लगा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह करीब 5:52 बजे हुई इस घटना को ड्यूटी पर तैनात पॉइंट्स मैन ने तुरंत भांप लिया। उसने बिना देर किए लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोकने का संकेत दिया। उसकी इस सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा होने से बच गया।


आउटर पर रोकी गई ट्रेन, तुरंत शुरू हुआ रेस्क्यू

ट्रेन को स्टेशन के आउटर पर रोका गया। पॉइंट्स मैन ने जैसे ही कोच के नीचे ब्रेक पेडल में आग और धुआं देखा, तुरंत स्टेशन मास्टर और इंजीनियरिंग टीम को सूचना दी गई।

कुछ ही देर में रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और ट्रेन में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया। करीब 38 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और खराब ब्रेक को ठीक किया गया। इसके बाद सुबह लगभग 6:30 बजे ट्रेन को सुरक्षित आगे के लिए रवाना कर दिया गया।


यात्रियों में मची अफरा-तफरी

आग लगने की खबर मिलते ही जनरल कोच में बैठे यात्रियों में डर का माहौल बन गया। ट्रेन रुकते ही कई यात्री तुरंत नीचे उतर गए।

यात्री सुनील कुमार ने बताया कि अचानक ट्रेन रुकने पर उन्होंने कोच के पैरदान के पास आग देखी। उन्होंने तुरंत अन्य यात्रियों को सतर्क किया, जिससे सभी सुरक्षित नीचे उतर सके।


रेलवे अधिकारियों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर रामवीर मीना सहित रेलवे के इंजीनियर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। समय रहते आग बुझा दी गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


गर्मी बनी आग की वजह

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भीषण गर्मी के कारण ब्रेक सिस्टम में अत्यधिक गर्मी पैदा हुई, जिससे ब्रेक पेडल में आग लग गई।

यह ट्रेन दुर्ग रेलवे स्टेशन से रवाना होकर लुधियाना जंक्शन तक जाती है। घटना के समय ट्रेन धौलपुर पार कर आगरा कैंट रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ रही थी।