सोडाला में रिटायर्ड फौजी ने किया सुसाइड

जयपुर में शुक्रवार सुबह एक रिटायर्ड फौजी ने सुसाइड कर लिया। रिटायर्ड फौजी ने बंदूक से खुद के पेट में गोली मार ली। लहूलुहान हालत में उसका शव जमीन पर पड़ा मिला। सोडाला थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। SHO (सोडाला) राजेश कुमार शर्मा ने बताया- हटवाड़ा के लक्ष्मीनगर निवासी भुवनेश जाट (40) ने सुसाइड किया है। वह इंडियन आर्मी से रिटायर्ड जवान था। वह अपनी पत्नी व बेटे के साथ किराए के मकान में रहकर सी-स्कीम स्थित गोल्ड कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की जॉब करता था। घटनाक्रम के मुताबिक, शुक्रवार सुबह उसकी पत्नी व बेटा दोनों ही किसी काम से बाहर गए थे। घर पर अकेला होने के दौरान उसने कमरा अंदर से बंद कर लिया। उसने खुद की लाइसेंसी बंदूक से पेट में गोली मारकर सुसाइड कर लिया। 

बंद कमरे से अचानक धमाके की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। आस-पड़ोसियों ने कमरे के अंदर जाकर देखने की कोशिश की, लेकिन भुवनेश के कमरे के आगे-पीछे के दोनों गेट बंद मिले। कुछ ही देर में उसकी पत्नी व बेटा भी घर लौट कमरे के अंदर जाने पर लहूलुहान हालत में भुवनेश का शव जमीन पर पड़ा हुआ था। उसके पेट में गोली लगी हुई थी। उसकी लाइसेंसी बंदूक पास ही पलंग पर पड़ी थी। पुलिस ने तुरंत FSL टीम को बुलाकर मौके से सबूत जुटाए। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में सामने आया है कि पलंग पर एक पैर रखकर उसने खुद की लाइसेंसी बंदूक को पेट पर लगाया। बंदूक का टिगर दबाते ही गोली पेट में लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।