सावन के अंतिम सोमवार पर जयपुर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। सुबह से ही भक्त जल, दूध, बेलपत्र भगवान शिव को अर्पित कर रहे हैं। गलता मंदिर में भी देर रात भीड़ रही। देर रात यहां से कांवड़ लेकर लोग सोमवार सुबह अलग-अलग मंदिरों तक पहुंचे। सुबह 3 बजे से मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं।
चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में भक्तों की सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिर में सुबह 3 बजे भगवान शिव का श्रृंगार कर मंगला आरती की गई। इसके बाद पंचामृत और गंगाजल से शिवलिंग का विशेष अभिषेक हुआ। मंदिर के पुजारियों के अनुसार, सुबह 4 बजे से मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए, जहां जलाभिषेक का क्रम शुरू हुआ। यह क्रम शाम 4 बजे तक चलेगा। शाम को भगवान शिव की विशेष झांकी सजाई जाएगी और रात्रि आरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरण होगा।
ताड़केश्वर महादेव मंदिर के पुजारी अमित पाराशर ने बताया- आज मंदिर में शाम के समय सवा लाख बेल पत्रों की झांकी सजाई जाएगी। भगवान भोलेनाथ को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके साथ ही मंदिर में दिनभर सह स्वर वैदिक विद्वानों के द्वारा रुद्र पाठ किया जाएगा। भगवान शिव का 251 लीटर देशी गाय के घी से अभिषेक किया गया। 51 लीटर दूध, 51 लीटर शहद, 51 लीटर गन्ने के रस से अभिषेक किया गया।