हैरिटेज में कांग्रेस तो ग्रेटर नगर निगम में भाजपा आगे, निर्दलियों ने भी जीतीं सीटें; 12 बजे तक साफ हो जाएगी तस्वीर

जयपुर@ शहर की दो नगर निगम-जयपुर ग्रेटर व जयपुर हैरिटेज नगर निगम के लिए सुबह 9 बजे से मतगणना जारी है। 9.45 मिनट में हैरिटेज निगम का पहला परिणाम भी सामने आ गया। वार्ड-61 से कांग्रेस की आयशा सिद्दीकी ने जीत हासिल की है। नगर निगम हैरिटेज की मतगणना कॉमर्स कॉलेज में और नगर निगम ग्रेटर की काउंटिंग राजस्थान कॉलेज में हो रही है। दोनों निगम चुनावों की यह काउंटिंग 25 कमरों में 250 टेबलों पर 478 राउंड में होगी। उम्मीद है कि दोपहर 12 बजे के बाद तक तस्वीर साफ हो जाएगी कि शहर की दोनों नगर निगम पर किसका कब्जा हो रहा है। प्रत्येक मतगणना टेबल पर एक पर्यवेक्षक तथा एक सहायक नियुक्त किए गए हैं। जयपुर हैरिटेज में 686 प्रत्याशी और जयपुर ग्रेटर में 430 प्रत्याशियों की हार-जीत का फैसला होगा।

जयपुर हैरिटेज के परिणाम

जयपुर हैरिटेज नगर निगम के वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस के हनुमान गुर्जर जीते। वार्ड 11 से कांग्रेस के भूपेंद्र मीणा जीते। वार्ड 12 निर्दलीय उम्मीदवार मोजम बनो जीतीं। वार्ड 21 से भाजपा की अनीता जैन जीतीं। वार्ड 31 से कांग्रेस के अरुदीन जीते। वहीं, वार्ड 41 से कांग्रेस के आरिफ खान जीते। वार्ड 42 से कांग्रेस के दशरथ सिंह जीते। वार्ड 51 से भाजपा प्रत्याशी राहुल शर्मा जीते। वार्ड 61 से कांग्रेस की आयशा सिद्दीकी जीती। वार्ड 62 से निर्दलीय उम्मीदवार रोहित कुमार जीते। वार्ड 63 से कांग्रेस की सुशीला देवी जीतीं। वार्ड 64 से कांग्रेस की नसरीन बनो जीतीं। वार्ड 71 से कांग्रेस के अरविंद मेथी जीते। वार्ड 81 से कांग्रेस उम्मीदवार असमा खान जीतीं। वार्ड 91 से भाजपा के श्याम सुंदर सैनी जीते।

जयपुर ग्रेटर के परिणाम

जयपुर ग्रेटर वार्ड नंबर 1 से कांग्रेस की घापा देवी विजयी हुईं। वार्ड 11 से कांग्रेस की सजना देवी जीतीं। वार्ड 21 से भाजपा की प्रियंका अग्रवाल विजयी हुईं। वार्ड 41 से भाजपा के गणेश सिंह नाथावत जीते। वार्ड 51 से भाजपा की सुखप्रीत बंसल जीतीं। वार्ड 62 से कांग्रेस के विजेंद्र सैनी की हुई जीत। वार्ड 71 में भाजपा के मुकेश शर्मा जीते। वार्ड 81 में निर्दलीय प्रत्याशी जय वशिष्ठ जीते। वार्ड 101 से भाजपा के मोतीलाल मीणा जीते। वार्ड 102 में भाजपा के महेंद्र शर्मा जीते। वार्ड 111 में कांग्रेस की काजल भीनमाल जीतीं। वार्ड 121 भाजपा की प्रियंका अग्रवाल जीतीं। वार्ड 122 में कांग्रेस के प्रदीप तिवारी जीते। वार्ड 131 से भाजपा के गोविंद छिपा जीते। वार्ड संख्या 141 से कांग्रेसी के अभिषेक सैनी विजयी हुए।

दोपहर 12 बजे के बाद स्पष्ट हो जाएगा जयपुर में कौनसी पार्टी निगम में बोर्ड बनाएगी

दोपहर 12 से 1 बजे तक चुनाव के स्पष्ट नतीजे सामने आएंगे। इससे तय हो जाएगा कि जयपुर ग्रेटर और जयपुर हैरिटेज नगर निगमों में भाजपा बाजी मारेगी या फिर कांग्रेस अपना बोर्ड बनाएगी। वहीं आपको बता दें कि कोविड और धारा 144 के कारण चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों के विजय जुलूस पर रोक रहेगी। मतगणना स्थल एवं आसपास कहीं भी पांच से अधिक व्यक्तियों के समूह में एकत्रित होने पर रोक होने से पुलिस ने प्रत्याशियों के परिचितों और रिश्तेदारों-समर्थकों को लौटा दिया।

जेएलएन मार्ग पर मतगणना के दौरान बंद रहेगा ट्रेफिक का संचालन

सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्वाचन आयुक्त पीएस मेहरा, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर राहुल प्रकाश, डीसीपी पूर्व डॉ. राहुल जैन व जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा भी कॉमर्स कॉलेज पहुंचे। वहां मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस बीच जेएलएन मार्ग पर गांधी सर्किल और कॉमर्स कॉलेज कट के पास बेरिकेडिंग कर दी गई ताकि अनावश्यक भीड़ वहां नहीं पहुंचे। वाहनों की आवाजाही भी इस रुट पर मतगणना के दौरान बंद कर दी गई। ट्रेफिक को जेएलएन मार्ग पर समानांतर मार्गों से निकाला गया।

उम्मीदवार या मतगणना अभिकर्ता को पहचान पत्र दिखाने पर ही दिया जाएगा प्रवेश

नगर निगम हैरिटेज एवं ग्रेटर के मतगणना स्थल काॅमर्स कालेज एवं राजस्थान काॅलेज के प्रवेश द्वारों पर उपस्थित अधिकारीगण प्रवेश के समय प्रत्येक व्यक्ति के प्रवेश अनुमति पत्र का निरीक्षण करेंगे। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार एवं उनके चुनाव अभिकर्ता रिटर्निंग अधिकारी द्वारा दिये गये निर्धारित पहचान पत्रों के आधार पर ही प्रवेश कर सकेंगे। उम्मीदवारों के मतगणना अभिकर्ताओं का प्रवेश उनको जारी बैजेज के आधार पर ही किया जाएगा।

मोबाइल ले जाने की नहीं होगी अनुमति

मतगणना में व्यवस्था में नियुक्त अधिकारी कर्मचारियों के अतिरिक्त अन्य किसी को भी मोबाइल ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके साथ ही कोई भी व्यक्ति अपने साथ निषेधात्मक वस्तुएं जैसी बीडी, सिगरेट, माचिस, ब्लेड आदि नहीं ले जा सकेंगे। मतगणना में लगे समस्त कार्मिकों व्यक्तियों को मतगणना के दौरान परिसर से बाहर जाने की अनुमति नहीं होगी।

 

 

Most Read