जयपुर में जमीन विवाद को लेकर जमकर हुई पत्थरबाजी

जयपुर के पास सुबह 9 बजे दो पक्षों में जमीन को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों तरफ से जमकर पत्थर बाजी की गई। इस दौरान 6 से ज्यादा लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना बस्सी थाना इलाके में स्थित बिराजपुरा गांव की है। घटना के बाद एक पक्ष के लोगों ने मुख्य सड़क पर जाम लगा दिया। दूसरे पक्ष पर गुंडे बुलाकर जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया।  दरअसल, दूसरे पक्ष के बदमाशों ने जेसीबी मशीन से खेत के एक हिस्से को दीवार बनाने के लिए खोद दिया था। इस दौरान अन्य पक्ष ने इसका विरोध किया। पुलिस को सूचना दी। कई समय तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर दोनों पक्षों में पथराव हो गया। इस के बाद बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों को डिटेन किया। इस दौरान घायल महिलाएं और पुरुष मुख्य सड़क पर पहुंच गए। जाम लगा दिया।  

स्थानीय लोगों ने घटना को देखकर बार-बार पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। बस्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे से हाथापाई शुरू कर दी। पुलिस ने बीच बचाव किया। इसके बाद कुछ लोगों को डिटेन कर पुलिस थाने लेकर चली गई।

पुलिस ने समझाइश कर सड़क पर धरना देकर बैठी महिलाओं को हटाया और जाम खुलवाया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा है। आज कहासुनी के बाद विवाद गहरा गया। मारपीट में तब्दील हो गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अभी तक इस संबंध में पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की हैं।  जमीन पर काबिज पक्ष के रामराज मीणा ने बताया- बस्सी थाना इलाके के बिराजपुरा गांव में मुख्य सड़क के करीब 209 गज की जमीन को लेकर विवाद हैं। हमारी ओर से हम ने आज थाने में रिपोर्ट दी है। सुबह करीब 9 बजे 15 महिला और 20 गुंडे जमीन पर जेसीबी लेकर कब्जा करने के लिए आए थे। इन लोगों ने जमीन पर जेसीबी चलाई। इस के बाद घरों में मौजूद हमारे परिवार की महिलाओं ने इस का विरोध किया।