बाड़मेर। रेगिस्तानी जिले बाड़मेर में नए साल की शुरुआत के साथ पड़ी कड़ाके की ठंड अब फीकी पड़ती नजर आ रही है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी सर्दी से राहत मिली है। रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान बढ़कर 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक तापमान में खास उतार-चढ़ाव नहीं होगा और यह लगभग स्थिर बना रह सकता है। हालांकि 20 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से जिले में हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कहीं-कहीं गर्जना के साथ हल्की बौछारें भी पड़ सकती हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2025 के अंतिम दिन हुई मावठ की बारिश के बाद बाड़मेर सहित पूरे पश्चिमी राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट ली थी। इसके बाद शीतलहर का दौर शुरू हुआ और कड़ाके की ठंड ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। 11 जनवरी को न्यूनतम तापमान गिरकर 5.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान रहा।
इसके बाद से मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखने को मिला। तापमान में निरंतर बढ़ोतरी के साथ सर्दी का असर कम होता गया। बीते कुछ दिनों से रात के समय भी ठंड की तीव्रता कम रही है। शनिवार को जिले में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बीते सात दिनों से तापमान में आंशिक बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। सूर्य के उत्तरायण में प्रवेश के बाद अब दिन भी लंबे होने लगे हैं, जिसका सीधा असर मौसम पर दिखाई दे रहा है। इसी कारण आने वाले दिनों में सर्दी की तीव्रता और कम होने की संभावना है।
फिलहाल बाड़मेर में मौसम शुष्क बना हुआ है और दिन में हल्की गर्माहट महसूस की जा रही है। यदि 20 जनवरी को अनुमानित बारिश होती है तो तापमान में मामूली गिरावट जरूर आ सकती है, लेकिन कड़ाके की ठंड के दोबारा लौटने के आसार फिलहाल कम बताए जा रहे हैं।